01.
वे नरेन्द्र पशुतुल्य हैं, क्या ब्राह्मण क्या सूद।
अन्तस में जिनके नहीं, मानवता मौजूद।।
02.
खून माॅंस भी एक है , जाति योनि भी एक।
फिर नरेन्द्र हैं क्यों नही,सभी आदमी एक ?
03.
जिस मिट्टी के आप हैं, उसी मिट्टी के सूद।
ब्राह्मण देवता बोलिए,क्यों अछूत हैं सूद ?
04.
शत प्रतिशत अब साथियों,हुई बात ये सिद्ध।
धरती पर दूजा नहीं, मानव जैसा गिद्ध।।
05.
स्वर्ग धरा को मानिए, करिए काम अनूप।
हैं नरेन्द्र माता-पिता, स्वयं ईश के रूप।।
06.
माता तो सुमाता है, माॅं से बड़ा न कोय।
स्वर्ग,सुख,सुरभोग,सुकूं,माॅं-ऑंचल में होय।।
07.
लिंग भेद के तर्ज़ पर , जिन्हें रहा है बाॅंट।
समझ मुरख मानव उन्हें, एक नदी दो घाट।।
08.
पेड़ पेड़ सब कोय कहें,प्राण कहें ना कोय।
पेड़ जगत के प्राण हैं, पेड़ न काटे कोय।।
09.
मिथ्या होता फूल है , कड़वा होता शूल।
फूल सहज स्वीकार्य हैं,अस्वीकार्य हैं शूल।।
10.
लुट रहा यहाॅं आदमी, किसे कहूॅं मैं चोर।
चोर हवस की खोपड़ी,नहीं आदमी चोर।।
11.
खूं से अपने जो रहें, देश, गाॅंव, घर साधि।
लोग उन्हीं को दे रहें,खच्चर-गधा उपाधि।।
12.
गूॅंगे बहरे हैं यहाॅं , अंधे सारे लोग।
जिंदी लाशें जल रहीं, मुर्दे बैठे लोग।।
13.
फलीभूत कर देश को, समझें खुद को धन्य।
कृषक आज भी हैं वहीं,सुख के भोगी अन्य।।
14.
क्षण-क्षण बीते खेत में ,वर्षा हो या धूप।
उफ्फ ये फिर भी नहीं,मिले आय अनुरूप ?
15.
का छोटन की बात सुने, खुदहि बड़े हम लोग।
अनहद अहम की भावना,लेके जिये ल लोग।।
16.
इक ही उल्लू से हुआ, खाक गुलिस्ता राम।
बैठे गर हर शाख पर, क्या होगा अंजाम ?
17.
जनमानस कल्याण ही,है जिसका अस्तित्व।
माने उसके ज्ञान का , लोहा सारा विश्व।।
18.
लड़े धर्म के नाम पर, आये दिन इंसान।
देख सियासत धर्म की,हैरत में भगवान।।
19.
गला काटकर जो यहाॅं, वहाॅं चढ़ायें फूल।
रे नरेन्द्र मत छोड़ तू,उनको भोंक त्रिशूल।।
20.
जाति-धर्म के नाम पर, छुआछूत का रोग।
नमक छिड़कते घाव पर,रहें मज़हबी लोग।।
21.
पूज रहें पाथर यहाॅं , पाथर – दिल इंसान ।
जीव-जगत पाथर समझ,पाथर को भगवान।।
22.
जिस दिन सच्चा आप भी,पढ़ लेंगे इतिहास।
हो जाएगा आप ही, खाक अंधविश्वास।।
23.
रूप सज्जा या नरेन्द्र, बदलें लाख लिबास।
मगर आज भी है वही, नारी का इतिहास।।
24.
फैशन के इस दौर में, बदल रहा है गाॅंव।
कहाॅ पुरातन संस्कृति,कहाॅ पुरातन ठांव??
25.
फैशन के इस दौर में, तन ही हुआ नकाब।
अर्धनग्नता देख रही, सुन्दरता का ख्वाब।।
26.
लिए तिरंगा हाथ में, लड़ता रहा जवान।
हिन्दू-मुस्लिम में रहा,उलझा हिन्दुस्तान।।
27.
न्योछावर कर देश पर,अपना जिस्मो-जान।
सदा निभाता गर्व से, अपना फर्ज़ जवान।।
28.
ले नरेन्द्र कागज-कलम,लिख दे इक दो छंद।
जग आनन्दित जो करे, वही सच्चिदानंद।।
29.
सुन नरेन्द्र तू ध्यान से, बोल रहा मन मन्द।
व्यक्ति नहीं व्यक्तित्व की, अलख विवेकानन्द।।
30.
कहत कहत कबिरा चला,इस जीवन को छोड़।
लोग समझ पाएं कहाॅ, अर्थ,महत्त्व,निचोड़।।
31.
रख नरेन्द्र तू स्वास्थ्य का, इतना सा नाॅलेज।
असाध्य-साध्य हर मर्ज की,औषधि है परहेज।।
32.
सोच समझ विकसित हुई,विकसित हुआ समाज।
वहीं नरेन्दर पी गई , दुनिया लाज-लिहाज।।
33.
वर्ष गयें आते रहें, गया न ग़म का दौर।
किया नरेन्दर आपने,कितना इस पर गौर।।
34.
छोड़ दिसंबर चल पड़ा, सहगामी के संग।
देख जनवरी आ गई, लेकर नया उमंग।।
35.
सुन नरेन्द्र ख़ुद कह रहें,ख़ुदा,गाॅड या ईश।
इक शरीर में आदमी,होते हैं दस बीस।।
36.
माॅं हिन्दी में जानिए,है अपनी पहचान।
उर्दू मौसी में वहीं,मीठी सरस जुबान।।
37.
होता है जिस छंद में,जितना अधिक प्रवाह।
होता है उतना अधिक,शब्द-शब्द पर वाह।।
38.
दिल की जब होगी प्रिये,दिल से कोई बात।
तभी समझ में आएगी,दिल को दिल की बात।।
39.
करना हो तो ही करो,सोच-समझ लो खूब।
छोड़ूॅंगा फिर मैं नही,भले कि जाओ ऊब।।
40.
हुआ बावरा यूॅं प्रिये,तुम्हें देखकर आज।
यूॅं उड़ने जैसे लगें, नील गगन में बाज।।
41.
काट रहें कैसे नरेन्द्र,हम मजनूॅं ये सर्द।
यें लैलाएं समझ नही, रहीं हमारा दर्द।।
42.
तुम बिन मुर्दा हूॅं प्रिये,कर लो ज़रा यकीन।
यूॅं जैसे बिन जल मरें,तड़प-तड़प के मीन।।
43.
लगता है हर इक मुझे,लम्हा-लम्हा नीक।
होता हूॅं जब पास में, प्रिय तेरे नजदीक।।
44.
दुनिया है किस पर खड़ी,किसने ले ली जान।
किस के खातिर सब मरें,किस पे सब कुर्बान।।
45.
सास-ससुर फुलकी लगें,चाट लगे ससुरार।
जीरा-जल साली लगे,पानी – पूड़ी सार।।
46.
बना बहुत स्वादिष्ट हो, पड़ा न गर हो नून।
सुलग जाता है क्रोध से,फिर तो सारा खून।।
47.
फर्क उसे कुछ भी नही,पड़ता है मेरे यार।
घाट तिरे माटी नही, जिसके आती यार।।
48.
जिसके आगे गले नहीं,किसी और की दाल।
कर सकता बाॅंका भला, कोई उसका बाल।।
49.
दु:ख-दर्द सब बाॅंटकर,खुशियाॅं मोल खरीद।
चलो मनाएं साथ में, मिलकर होली ईद।।
50.
मात – पिता गुरु आप हैं,गूढ़ ज्ञान के धाम।
शीश नवा कर जोड़कर,शत-शत करूॅं प्रणाम।।
 नरेन्द्र सोनकर ‘कुमार सोनकरन’
 नरैना,रोकड़ी,करछना,प्रयागराज (यू.पी.)